
विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, प्रभारी दीप डांगी ने रानीखेत में कार्यकर्ताओं को किया एकजुट
रानीखेत। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यालय रानीखेत में विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, चुनावी रणनीति तैयार करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर मंथन किया गया। इस दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच पहुंचने का आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता रानीखेत विधानसभा प्रभारी दीप सिंह डांगी ने की। उन्होंने कहा कि चुनाव किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता का सामूहिक अभियान होता है। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर जनता से संवाद करना होगा। कांग्रेस की नीतियों के साथ ही क्षेत्रीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाना होगा। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।

बैठक में कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य एवं उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगामी चुनाव को लेकर जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं जैसे मुद्दों से जूझ रही है। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना होगा और सरकार की नीतियों से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाना होगा।

माहरा ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ की जिम्मेदारी लेकर मतदाताओं से सीधा संपर्क बढ़ाना चाहिए। कांग्रेस की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और उनकी एकजुटता ही संगठन को मजबूती देगी। बैठक में रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर पर लगातार कार्यक्रम आयोजित करने तथा स्थानीय मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी ताकत से मैदान में उतरने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में पी०सी०सी० सदस्य कैलाश पांडेय, नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट, अनुसूचित जाति जिलाध्यक्ष गुसाईं राम, चिलियानौला अध्यक्ष कमलेश बोरा, भतरोजखान अध्यक्ष कैलाश पंत, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज जोशी, युवा विधानसभा अध्यक्ष अंकिता पंत, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, हॉकी संघ अध्यक्ष अगस्त लाल साह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गोपाल सिंह देव, चंदन सिंह, हेमंत रौतेला, चंदन सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप उपाध्याय व विजय तिवारी, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, वसीम कुरैशी, जयंत रौतेला, जीतन जयाल, पूरन माहरा, प्रमोद पाल, पान सिंह, संदीप बंसल, ललित मेहरा तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
