
रानीखेत की सड़कों पर गड्ढे और कीचड़ से बढ़ी लोगों की परेशानी
रानीखेत। नगर की बदहाल सड़कों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रानीखेत बाजार से लेकर सोमनाथ ग्राउंड और राय एस्टेट तक सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी और कीचड़ भरने से पैदल चलना तक मुश्किल हो रहा है। दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं, सड़क पर जमा कीचड़ से गुजरते वाहनों के छींटे राहगीरों के कपड़े खराब कर रहे हैं। बारिश थमते ही यही सड़क धूल के गुबार से लोगों को परेशान कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से बनी इस समस्या के बावजूद जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

लोगों के मुताबिक समस्या का स्थायी समाधान केवल गड्ढे भरने से नहीं होगा। सड़क की मरम्मत के साथ पानी की निकासी के लिए उचित ड्रेनेज व्यवस्था भी जरूरी है, ताकि बारिश का पानी सड़क पर जमा न हो और भविष्य में सड़क फिर बदहाल न हो। स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से सड़क की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की बदहाली का खामियाजा रोजाना आम लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है।

