
भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर रानीखेत में निकली प्रभात फेरी, विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुति।
रानीखेत। भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती गुरुवार को पं. गोविंद बल्लभ पंत पार्क में समारोहपूर्वक मनाई गई। मुख्य अतिथि स्वतंत्रता सेनानी आनंद सिंह बिष्ट और विशिष्ट अतिथि संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने पं. गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इससे पूर्व विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने नगर में प्रभात फेरी निकाली।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने पं. गोविंद बल्लभ पंत को दूरदर्शी राजनेता और कुशल प्रशासक बताते हुए कहा कि उन्होंने पहाड़ के सामान्य परिवेश से निकलकर शिक्षा और संघर्ष के बल पर देश में महत्वपूर्ण स्थान बनाया। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को भविष्य निर्माण का आधार बनाने की अपील की।

आयोजन समिति संयोजक विमल सती ने पं. गोविंद बल्लभ पंत के राष्ट्रसेवा, निडरता, ईमानदारी और स्वाभिमान जैसे गुणों को अपनाने की बात कही। कार्यक्रम में जीजीआईसी, स्प्रिंग फील्ड पब्लिक स्कूल, विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मिशन इंटर कॉलेज, नेशनल इंटर कॉलेज, सिटी मांटेसरी स्कूल, सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छावनी इंटर कॉलेज, आर्मी पब्लिक स्कूल और केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।

बाद में मिशन इंटर कॉलेज में अंतरविद्यालयी चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता हुई। भाषण में विवेकानंद विद्या मंदिर की दिशा बिष्ट प्रथम, सिटी मांटेसरी की गार्गी रावत द्वितीय और विवेकानंद विद्या मंदिर की अंशिका तृतीय रहीं। कार्तिक रावत को सांत्वना पुरस्कार मिला। विद्यार्थियों को अतिथियों ने पुरस्कार वितरित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जोगेंद्र बिष्ट और संचालन दीपक पंत ने किया। कार्यक्रम में हरीश लाल साह, गौरव भट्ट, गौरव तिवारी,संजय पंत, अभिषेक कांडपाल, राजेन्द्र पंत, सोनू सिद्दीकी, नेहा मेहरा , शुभम अग्रवाल, पंकज साह, आदि मौजूद रहे।

