
अल्मोड़ा पुलिस ने पूरे जनपद में एक साथ चलाया अभियान, 375 नाली भांग की खेती पर चला अल्मोड़ा पुलिस का डंडा, ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से जागरुक कर नशा मुक्ति का दिया संदेश।
अल्मोड़ा पुलिस द्वारा ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत चरस व गांजा जैसे मादक पदार्थो की जड़ भांग की खेती के नष्ट करने की कार्यवाही करते हुए ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। अल्मोड़ा जिले के सभी कोतवाली/थानों में एक साथ भांग नष्ट करने का अभियान चलाया गया।

इस दौरान जनपद में लगभग 375 नाली में भांग की खेती को नष्ट किया गया। जिससे किसी भी प्रकार के नशे की सामग्री उपरोक्त खेती से न बनायी जा सकें। साथ ही ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर भांग की खेती नहीं करने के सम्बन्ध में जागरुक किया गया तथा नशा मुक्त अभियान में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गयी। इस दौरान राजस्व टीमों का भी सहयोग लिया गया।

