
अल्मोड़ा जिला अस्पताल में जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, जन औषधि केंद्र की दवाइयां सील कर जांच के आदेश।
जिला अस्पताल स्थित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र में अनियमितताओं की शिकायतों पर जिलाधिकारी श्री अंशुल सिंह ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया। शिकायत में कहा गया था कि केंद्र पर निर्धारित जेनेरिक दवाओं के स्थान पर अन्य ब्रांडेड दवाइयां बेची जा रही हैं, जिसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी बिना पूर्व सूचना मौके पर पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र में उपलब्ध सभी दवाइयों का भौतिक सत्यापन कराया। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र की संपूर्ण दवाइयों की विस्तृत सूची तैयार की जाए तथा जेनेरिक व अन्य ब्रांडेड दवाओं की अलग-अलग सूची बनाकर उनकी उपलब्धता और खरीद-रिपोर्ट के अभिलेखों का मिलान किया जाए।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार, ड्रग इंस्पेक्टर की उपस्थिति में केंद्र में उपलब्ध सभी दवाइयों को जांच पूर्ण होने तक सील कर दिया गया। साथ ही दवाओं के स्टॉक, खरीद एवं वितरण से जुड़े अभिलेखों की भी जाँच कराने के निर्देश दिए गए, ताकि मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच सुनिश्चित हो सके।

श्री सिंह ने जन औषधि केंद्र के संचालन व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की और अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि केंद्र के संचालन के लिये नई टेंडर प्रक्रिया शीघ्र प्रारम्भ की जाए। इसका उद्देश्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी एवं प्रभावी व्यवस्था स्थापित करना तथा भविष्य में ऐसी शिकायतों की पुनरावृत्ति रोके जाना है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री रामजीशरण शर्मा, अस्पताल प्रशासन के अधिकारी तथा कर्मचारी भी मौजूद रहे।
