
कारगिल विजय दिवस पर आज आर्मी पब्लिक स्कूल ने रैली निकाल कर शहीदों को दी श्रद्धांजलि।
आर्मी पब्लिक स्कूल, रानीखेत — कारगिल विजय दिवस पर आज आर्मी पब्लिक स्कूल, रानीखेत में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा उनके अदम्य साहस का स्मरण करने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और एनसीसी कैडेटों ने देशभक्ति गीत, कविताएँ और प्रेरक भाषण प्रस्तुत किए तथा कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों को याद किया गया।

विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए हिंदी निबंध तथा चित्रकला प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की गईं, जिनमें छात्रों ने अपने लेखन और चित्रों के माध्यम से शहीदों के प्रति श्रद्धा और देशभक्ति व्यक्त की। सायंकाल में विद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षक और एनसीसी कैडेट गांधी चौक से विजय चौक तक भव्य कैंडल मार्च निकाले, जिसमें प्रतिभागियों ने तिरंगा और मोमबत्तियाँ लेकर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में स्कूल के श्री हेमचंद पंत, श्री बृजेश जोशी, श्री त्रिभुवन कांडपाल, श्री कमल पाण्डे, श्री सैम स्मिथ, श्री डी. सी. पाठक, श्रीमती किरन जोशी, श्रीमती गरिमा भंडारी, श्रीमती दर्शना शाह, श्रीमती लक्ष्मी नेगी, एनसीसी एएनओ लेफ्टिनेंट देव सिंह बिष्ट, भूपेंद्र परिहार सहित अन्य शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन का समापन शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर और राष्ट्र की रक्षा व अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराकर किया गया। विद्यालय परिवार ने कारगिल के अमर वीरों को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

