
रानीखेत सांस्कृतिक समिति की बैठक: महिलाओं की रामलीला प्रतियोगिता, छोलिया व ऐपण कार्यशालाओं का ऐलान।
रानीखेत : सांस्कृतिक समिति रानीखेत की 18 मार्च 2026 की बैठक में आगामी सांस्कृतिक आयोजनों पर विस्तृत चर्चा हुई। समिति अध्यक्ष विमल सती की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मई माह में महिलाओं की रामलीला प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसमें क्षेत्र की महिला टीमों को रामलीला संवाद प्रसंगों के साथ आमंत्रित किया जाएगा, जबकि विजेताओं को प्राइज मनी और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।

अप्रैल माह में स्कूली बच्चों के लिए छोलिया नृत्य कार्यशाला तथा महिलाओं-छात्राओं के लिए ऐपण व रंगोली पिछोड़ी कार्यशाला का आयोजन होगा। बैठक में लोक गायक व रंगकर्मी स्व. दीवान कनवाल को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। फागोत्सव के सफल आयोजन के लिए समिति सदस्यों व सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।
कोषाध्यक्ष गौरव तिवारी ने फागोत्सव के आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। कथक परीक्षार्थियों के लिए अभ्यास कक्ष की व्यवस्था पर भी विचार-विमर्श हुआ। तीन नए सदस्यों को समिति में शामिल किया गया।बैठक में राजेंद्र पंत, दीपक पंत, संजय पंत, गौरव तिवारी, ज्योति साह, गीता जोशी, विनिता खाती, रीना वर्मा, अभिषेक कांडपाल, सोनू सिद्दीकी, पंकज साह, सौरभ अग्रवाल, शुभम अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
