
गैस सिलेंडर की सप्लाई बाधित होने से परेशान टेंट एवं कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन।
कमर्शियल सिलेंडर की कमी के चलते आगामी शादी विवाह के सीजन को लेकर रानीखेत के टेंट एवं कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोग चिंतित हो गए हैं। टेंट एवं कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों ने LPG गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक व्यवस्था कराने का अनुरोध किया है।

टेंट एवं कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों ने ज्ञापन में बताया गया कि आने वाले महीनों में बड़ी संख्या में शादियां निर्धारित हैं, जिनमें भोजन व्यवस्था के लिए LPG गैस सिलेंडरों की अत्यधिक आवश्यकता पड़ेगी। एक सामान्य मध्यम वर्गीय परिवार की शादी में लगभग 10 से 12 सिलेंडरों की जरूरत होती है।
टेंट और कैटरिंग व्यवसायियों का कहना है कि वर्तमान में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर स्पष्ट व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें बुकिंग लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई आयोजनों की अग्रिम बुकिंग पहले से हो चुकी है, जिससे चिंता और बढ़ गई है। एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित गैस एजेंसियों को निर्देशित कर शादी-विवाह के लिए गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता और व्यवसायियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ज्ञापन देने वालों में ईश्वर सिंह टनवाल – संरक्षक, महेन्द्र सिंह मर्तोलिया – अध्यक्ष, सुन्दर सिंह कुंवार्बी – सचिव, जगदीश भट्ट – उप सचिव, प्रमोद गोयाल – कोषाध्यक्ष, नित्यानंद पांडे, रमेश सिंह अधिकारी, नरेन्द्र शाह – उपाध्यक्ष, पवन कुमार शामिल थे।
