
रानीखेत से दिल्ली – बसों की कमी से चढ़ा युवा कांग्रेस का पारा, ज्ञापन सौंप अतिरिक्त बस सेवा की मांग।
रानीखेत, 27 जून — रानीखेत से दिल्ली के लिए बस सेवाओं की संख्या बढ़ाने की मांग करते हुए युवा कांग्रेस रानीखेत ने शनिवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कहा कि वर्तमान में सीमित बस सेवाओं के कारण स्थानीय नागरिक, विद्यार्थी, सैनिक, पर्यटक और अन्य यात्रियों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में बताया गया है कि पर्याप्त बसें न होने से यात्रियों को समय पर आरक्षण नहीं मिल पाता, जिससे उन्हें निजी टैक्सियों के माध्यम से हल्द्वानी जाना पड़ता है और वहां से दिल्ली के लिए बस पकड़नी पड़ती है। इससे यात्रियों का समय और परिवहन व्यय दोनों बढ़ रहे हैं। विशेष तौर पर महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और दूरस्थ क्षेत्रों के निवासी अधिक प्रभावित हैं।

युवा कांग्रेस का कहना है कि पूर्व में रानीखेत से दिल्ली के लिए अधिक बसें संचालित होती थीं, लेकिन हाल में बसों की संख्या घटने से समस्या गंभीर हो गई है। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन और केदारनाथ यात्रा के समय यात्रियों की संख्या बढ़ने से परिस्थितियाँ और जटिल हो जाती हैं।
संगठन ने प्रशासन से आग्रह किया है कि रानीखेत-दिल्ली मार्ग पर तत्काल अतिरिक्त बस सेवाएँ शुरू की जाएँ, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों पर पर्याप्त सीटें सुनिश्चित की जाएँ तथा पर्यटन और यात्रा सीजन में मांग के अनुसार अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाए। ज्ञापन युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष अंकित रावत, जिला महासचिव अरसलान शेख, रुद्र माहरा, मनोज कोरंगा, दीपक सोंटियाल, उदय मलोठिया, पंकज किरौला, पवन बिष्ट, यतिन मेहरा, आदित्य मेहरा और कुमारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सौंपा।
