
जनसेवा समिति के अध्यक्ष सतीश चंद्र पांडे ने नेपाली व्यक्ति का करवाया अंतिम संस्कार।
रानीखेत : नंदा देवी मंदिर के पास किराए के मकान में रहने वाले निर्धन गंगा बहादुर (43) का सोमवार को सीने में तेज दर्द के बाद निधन हो गया। जनसेवा समिति के अध्यक्ष सतीश चंद्र पांडे ने अपनी टीम के साथ उनके पार्थिव शरीर का हिंदू रीति-रिवाज से मुक्ति धाम में अंतिम संस्कार किया।

परिवार के सदस्यों के अनुसार, गंगा बहादुर पिछले पांच-छह दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। आज सुबह कमरे में ही उनकी मौत हो गई। समिति ने तत्काल पहुंचकर शव को मुक्ति धाम ले जाया और पूर्ण विधि-विधान से अंतिम संस्कार संपन्न कराया।
सतीश चंद्र पांडे पिछले 25 वर्षों से अपनी टीम के साथ गरीब, लावारिस और निर्धन व्यक्तियों का निःशुल्क अंतिम संस्कार करते आ रहे हैं। वे रानीखेत सहित आसपास के 25 गांवों में दाह संस्कार के लिए बांस भी मुफ्त उपलब्ध कराते हैं। इस नेक कार्य से समाज में उनकी ख्याति बढ़ती जा रही है।
