
काठगोदाम से अमृतपुर बाईपास मोटर मार्ग के लिए 18.22 करोड़ की स्वीकृति, कुमाऊँ वासियों को जाम से मिलेगी निजात
भीमताल, 25 अप्रैल 2026: काठगोदाम से रानीबाग के बीच गुलाब घाटी में लगातार लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए काठगोदाम से दानीजाला-सिमलखेत होते हुए एचएमटी अमृतपुर तक बाईपास मोटर मार्ग का निर्माण होगा। भीमताल से विधायक व कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस परियोजना के लिए कुल 18 करोड़ 22 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
मंत्री कैड़ा ने कहा, “गुलाब घाटी के पास हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे भीमताल विधानसभा क्षेत्र के लोग, कुमाऊंवासी और पर्यटक घंटों फंसते थे। मुख्यमंत्री से मांग करने पर बाईपास मार्ग को मंजूरी मिल गई है।”
परियोजना तीन चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में पहाड़ कटान के लिए 1 करोड़ 75 लाख, दूसरे चरण (पार्ट-2) के कार्यों के लिए 4 करोड़ 69 लाख का शासनादेश जारी हो चुका है। तीसरे चरण में पुल निर्माण के लिए 11 करोड़ 77 लाख की स्वीकृति मिल चुकी है, जिसका शासनादेश शीघ्र जारी होगा।
मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “इस मार्ग से भीमताल सहित पूरे कुमाऊं को जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी।” स्वीकृति पर कैड़ा ने मुख्यमंत्री धामी और सांसद अजय भट्ट का आभार जताया।
