
राजकीय इंटर कॉलेज मज़खाली ने बोर्ड परीक्षाओं में लहराया परचम, हाईस्कूल परिणाम 100%
मज़खाली। राजकीय इंटर कॉलेज मज़खाली ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। विद्यालय का हाईस्कूल परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत तथा इंटरमीडिएट का 98 प्रतिशत रहा, जिससे विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

इंटरमीडिएट परीक्षा में विद्यालय स्तर पर दया ने 84.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रिया ने 81.8 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं हाईस्कूल परीक्षा में हर्ष रावत ने 85.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मोनिका चंद्रा ने 78 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश चन्द्र टम्टा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत एवं शिक्षकों के समर्पण को जाता है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन, सकारात्मक सोच और विद्यार्थियों के अथक परिश्रम से ही यह उत्कृष्ट परिणाम संभव हो पाया है। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार बेहतर परिणाम की आशा व्यक्त की है।
