
रानीखेत में शुरू हुआ 52वां उर्स मुबारक, प्रशासन ने किया सुरक्षा ऑडिट, 14 जून तक चलेगा कार्यक्रम।
रानीखेत: हजरत शाह कालूसय्यद बाबा रहमतुल्लाह अलैह की मजार पर 52वां छह दिवसीय उर्स आज 9 जून से शुरू हो गया जो 14 जून तक आयोजित होगा। नगर के केमू स्टेशन के निकट स्थित मजार लंबे समय से सांप्रदायिक सौहार्द और कौमी एकता का प्रतीक रही है, जहां हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग समान श्रद्धा से आते हैं।

प्रशासन ने लिया सुरक्षा जायजा :
बीते रोज सयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षित जोशी एवं कोतवाली एवं अग्निशमन अधिकारी रानीखेत द्वारा लगने वाले उर्स मेला में अग्निसुरक्षा के दृष्टिगत सयुक्त निरीक्षण किया गया। सभी लगे दुकानों के संचालको को अग्निशमन यंत्रो को स्थापित करने के साथ साथ विद्युत संयोजन एवं वायरिंग की सुरक्षा स्थिति को भी चेक किया गया एवं मार्गों को और अवरोध मुक्त रखने के लिए निर्देशित किया गया।

आयोजन समिति ने भी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया :
उर्स के समुचित आयोजन के लिए प्रबंधक खादिम मोहम्मद मोहसिन और समिति के सदस्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। समिति ने कहा कि मेले में आने वाले बाहरी दुकानदारों का पुलिस सत्यापन किया जा रहा है और स्थानीय दुकानदारों को प्राथमिकता के आधार पर दुकानें आवंटित की जाएंगी। खानपान स्टॉलों पर स्वच्छता बनाए रखने और झूला-चर्खी संचालकों के उपकरणों की तकनीकी जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका टली रहे। मेले की व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए स्वयंसेवकों की भी तैनाती की जाएगी।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम भी शामिल हैं। 9 जून को तकरीर होगी। 10 जून को नमाज असर के बाद कुरान ख्वानी और कवि सम्मेलन संपन्न होगा। 11 जून को रात्रि 9 बजे बज्मे महफिल में कव्वाली होगी; इसी दिन पूरे नगर की ओर से चादर चढ़ाई का जुलूस गुलजार मंजिल से होते हुए मजार तक जाएगा। 12 और 13 जून की रात्रि 9 बजे से कव्वाली कार्यक्रम जारी रहेंगे। 14 जून की सुबह कुल शरीफ होगा और सायंकाल पुरस्कार वितरण व प्रतिभागियों की हौसला अफजाई के साथ उर्स का समापन किया जाएगा। समिति का कहना है कि उर्स में देश के विभिन्न राज्यों से नामी कव्वाल शामिल होंगे, जो कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

