
एसएसपी ने रानीखेत में सुनी जनता की समस्याएँ, कोतवाली और चौकी का निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश।
एसएसपी अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोडके द्वारा सोमवार को कोतवाली रानीखेत, चौकी मजखाली, चौकी लालकुर्ती एवं फायर स्टेशन रानीखेत का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने पुलिस एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण कर संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रानीखेत कोतवाली में आयोजित जनता दरबार में एसएसपी ने सीएलजी सदस्य, वार्ड सदस्य, वरिष्ठ नागरिक, पुलिस पेंशनर, टैक्सी यूनियन, व्यापार मंडल, ग्राम प्रधान एवं होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों सहित अन्य गणमान्य नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने यातायात समस्या को प्रमुख मुद्दा बताते हुए सुझाव दिए। स्थानीय लोगों की कुछ समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

एसएसपी द्वारा कोतवाली रानीखेत में लंबित विवेचनाओं, शिकायतों एवं वारंटों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निस्तारण एवं शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग, सत्यापन अभियान में तेजी, जनजागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने तथा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही गैर-कानूनी तरीके से संचालित हो रहे होम-स्टे के विरुद्ध अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।

एसएसपी द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। फायर सीजन को देखते हुए सभी उपकरणों को संचालित अवस्था में रखा जाए तथा आग लगने की घटनाओं पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसएसपी द्वारा निर्माणाधीन चौकी मजखाली भवन का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा की गई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीखेत भुवन चन्द्र जोशी, प्रभारी चौकी मजखाली रमेश नेगी, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गणेश सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

