
खैरना चौकी क्षेत्र में युवक ने चौकी से वापस आकर की आत्महत्या, परिवार ने पुलिस पर लगाया उत्पीड़न का आरोप।
नैनीताल, 28 अप्रैल 2026: जनपद के खैरना चौकी क्षेत्र में लोहारी गांव के बालम सिंह बिष्ट की आत्महत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिजनों ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है, लेकिन एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया यह पुलिस उत्पीड़न से जुड़ा नहीं लगता।

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम को भवाली थाना क्षेत्र के खैरना चौकी में गश्त के दौरान बलम सिंह नशे की हालत में अनुचित व्यवहार करते वीडियो बनाते पाए गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी खैरना ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। पुलिस एक्ट के तहत मामूली चालान काटकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
रात करीब डेढ़-दो बजे आत्महत्या की सूचना मिलने पर पुलिस ने पंचनामा भरा और जांच शुरू की। एसपी क्राइम ने बताया कि आत्महत्या के सटीक कारणों का पता नहीं चला है, लेकिन परिजनों के आरोपों की गहन जांच चल रही है। पारदर्शिता के लिए पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ टीम से कराया जाएगा और पूरी प्रक्रिया वीडियोग्राफी होगी। घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
डॉ. चंद्र ने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई रूटीन प्रक्रिया थी, जिसमें शराब पीकर सार्वजनिक स्थान पर गलत व्यवहार करने वालों को चालान किया जाता है। लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
VIDEO :
