
दोस्त ही निकला रानीखेत निवासी दिनेश उपाध्याय का हत्यारा, पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी।
नैनीताल, 29 अप्रैल 2026: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में एक युवक की गुमशुदगी का मामला हत्या में बदल गया। पुलिस ने खुलासा किया कि मृतक के तीन दोस्तों में से एक ने ही आवेश में आकर उसे गहरी खाई में धक्का दे दिया था। मुख्य आरोपी कमल सिंह बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया गया है।

तल्लीताल थाने में 23 अप्रैल को भुजियाघाट शौर्य रिजॉर्ट के जीएम भावेश पाण्डे ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, रानीखेत निवासी 33 वर्षीय दिनेश चंद्र उपाध्याय, जो रिजॉर्ट में कार्यरत थे, 22 अप्रैल को एक दिन की छुट्टी लेकर निकले थे, लेकिन लौटे नहीं। परिजनों ने भी पुष्टि की कि वह घर नहीं पहुंचे। दिनेश उपाध्याय रानीखेत के सौनी देवलीखेत के पास दुभना गांव के निवासी थे।

पुलिस ने दिनेश उपाध्याय की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर एसडीआरएफ, डॉग स्क्वाड, सीसीटीवी फुटेज, ड्रोन और दमकल विभाग की मदद से तीन-चार दिनों तक छानबीन की। 27 अप्रैल को बरामद शव की पहचान दिनेश के रूप में हुई। जांच के दौरान 22 अप्रैल की रात उसके तीनों दोस्तों से सख्ती से पूछताछ की गई।
पूछताछ में सामने आया कि उस रात चारों ने 11 बोतल बियर और दो बोतल अंग्रेजी शराब पी थी। सौड गांव निवासी 23 वर्षीय कमल सिंह बिष्ट ने कबूल किया कि दिनेश के साथ उसका विवाद हुआ और भावली रोड पर गुस्से में उसने उसे खाई में धकेल दिया। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कमल को भादंसं (नया) की धारा 103/238 के तहत गिरफ्तार किया। आरोपी को रिमांड के लिए कोर्ट में पेश कर दिया गया है। जांच जारी है।
