
कुमाऊँ वासियों को मिली सुविधा, काठगोदाम से मुंबई के लिए नियमित ट्रेन सेवा हुयी शुरू।
मुंबई—पूर्व रक्षा राज्य मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट के प्रयासों के बाद मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट ट्रेन को नियमित संचालन की मंजूरी मिल गई है। रेलवे प्रशासन ने पहले विशेष गाड़ी के रूप में चल रही 09075/09076 को अब नियमित ट्रेन संख्या 21907/21908 के रूप में चलाने का निर्णय लिया है।
रेल मंत्रालय के आदेशानुसार 21907 मुंबई सेंट्रल–काठगोदाम सुपरफास्ट (साप्ताहिक) का संचालन 27 मई 2026 से प्रत्येक बुधवार को मुंबई सेंट्रल से किया जाएगा। यह ट्रेन मुंबई सेंट्रल से सुबह 10:55 बजे रवाना होकर दूसरे दिन हल्द्वानी होते हुए दोपहर 1:50 बजे काठगोदाम पहुंचेगी।
वापसी मार्ग पर 21908 काठगोदाम–मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस 28 मई 2026 से प्रत्येक गुरुवार को शाम 5:30 बजे काठगोदाम से प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 9:00 बजे मुंबई सेंट्रल पहुँच जाएगी।
रेलवे ने बताया कि यह ट्रेन हल्द्वानी, लालकुआं, किच्छा, बहेड़ी, बरेली, मथुरा, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। कुल 18 कोचों वाली इस ट्रेन में सामान्य श्रेणी, शयनयान, एसी थर्ड और एसी सेकेंड श्रेणी के कोच शामिल होंगे।
अजय भट्ट ने कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन को नियमित करने की मांग कई बार रेल मंत्री से उठाई थी। उनके इन प्रयासों को देखते हुए रेलवे ने गाड़ी को स्थायी रूप से चलाने का निर्णय लिया है। कुमाऊं के यात्रियों और मुंबई में रहने वाले उत्तराखंडवासियों ने नियमित सेवा को बड़ी राहत बताया है।
