
सोशल मीडिया पर वाल्मीकि समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी, पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग
रानीखेत के वाल्मीकि समुदाय द्वारा संयुक्त रानीखेत दीक्षिता जोशी से सोशल मीडिया पर डाले गए एक वीडियो में आपत्तिजनक भाषा को लेकर कानूनी कार्यवाही की मांग की गयी है। अल्मोड़ा जिले के ग्राम मटीला, शीतलाखेत निवासी दुर्गा देवी के एक इंस्टाग्राम अकाउंट (durga_devi_6357) से साझा किए गए कथित वीडियो में वाल्मीकि समाज के विरुद्ध जातिसूचक व अपमानजनक टिप्पणियाँ करने का आरोप लगाया गया है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिससे वाल्मीकि समाज व अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों में गहरा रोष और आक्रोश फैल गया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि वीडियो में प्रयुक्त भाषा सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और संवैधानिक समानता के सिद्धांतों के प्रतिकूल है और इससे समुदायों के बीच तनाव एवं वैमनस्य की स्थिति उत्पन्न होने का खतरा है। ज्ञापन में कहा गया कि उसके पास वीडियो साक्ष्य मौजूद है, जिसे वह जांच के लिए प्रस्तुत कर सकते हैं।

शिकायत में कहा गया है कि जातिसूचक व अपमानजनक टिप्पणी करने वाली महिला के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 तथा भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रार्थी ने अधिकारियों से त्वरित, निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। वही संयुक्त मजिस्ट्रेट द्वारा मामले की जांच पुलिस को सौंप दी गयी है।
