
रानीखेत के ऐना गांव हत्याकाण्ड का हुआ खुलासा, स्कूटी में आये मामूली स्क्रैच के चलते दिया हत्याकांड को दिया अंजाम, आरोपी गिरफ्तार।
रानीखेत तहसील के ऐना गांव (द्वाराहाट ब्लॉक) में शुक्रवार देर रात 19 वर्षीय सागर सिंह की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई। मृतक सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था और अपनी बुआ जानकी देवी के यहाँ ठहरा हुआ था। घटना के समय चीख-पुकार सुनकर जानकी देवी और उनकी चचिया सास सबुली देवी बीच-बचाव के लिए आईं, लेकिन हमलावर ने जानकी देवी के सिर तथा सबुली देवी के गले पर भी वार किए। सबुली देवी को गंभीर चोटें आईं, उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।

मृतक सागर के फुफेरे भाई नीरज बोरा ने कोतवाली रानीखेत में तहरीर दी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला संख्या हाजा मूअसं-18/2026 के तहत 103/109 बीएनएस बनाम जगदीश (जगत) सिंह बोरा के विरुद्ध पंजीकृत किया है। तहरीर में पुरानी रंजिश को हत्या का मुख्य कारण बताया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने बताया कि तहरीर के आधार पर तत्काल गिरफ्तारी टीम का गठन किया गया। टीम ने 11 जुलाई को मजखाली के पास जनाडु होटल के निकट से अभियुक्त जगदीश (जगत) सिंह बोरा उम्र- 35 वर्ष पुत्र पान सिंह बोरा, निवासी ग्राम ऐना, रानीखेत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल कर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कराया है।

अभियुक्त के कथन के अनुसार उसकी और मृतक व अन्य के बीच पुरानी रंजिश थी। लगभग दो महीने पूर्व गांव के कुबेर सिंह बोरा की शादी में मेरे दोस्त एवं मृतक व उसके भाई से विवाद हुआ था। स्कूटी में आए स्क्रैच विवाद के कारण उसने बदला लेने का मन बना लिया था। उसी समय अभियुक्त ने उनकी हत्या का विचार मन में बना लिया था। उसने एक हथोड़ा जो खैरना बाजार से खरीदा और एक चाकू रानीखेत बाजार से खरीदा था।

अभियुक्त ने बताया कि 10 जुलाई की शाम 7:30 बजे उसने योजना बनाकर हथौड़ा व चाकू छिपाकर सागर (उर्फ जितेंद्र) और कृष्णा सिंह के घर पहुंचा। आरोपी ने कहा कि उसने सागर (उर्फ जितेंद्र) पर चार बार चाकू से वार किया और फिर सागर की गर्दन काट दी; बीच-बचाव में आईं जानकी देवी व शोभा (सबुली) देवी पर भी हमला किया और मौके से फरार हो गया।

इस घटना में गंभीर रूप से घायल सबुली देवी को नाजुक हालत में हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने अभियुक्त को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर उसे अल्मोड़ा जेल भेज दिया है। मामले की आगे की साक्ष्यों के आधार पर जारी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद जोशी, कांस्टेबल कमल गोस्वामी, कांस्टेबल वरुण राज टम्टा, होमगार्ड आनंद सिंह आदि द्वाराहाट चौखुटिया, सोमेश्वर की पुलिस टीम सम्मलित थी।
