
रानीखेत के इस गांव में सोलर पंपिंग सिंचाई योजना का भूमि पूजन, 60 परिवार को मिलेगा लाभ।
रानीखेत, 17 जुलाई 2026 — ग्राम सभा ख्यूशालकोट के तोक सुकोली में जलागम विभाग की सोलर पंपिंग सिंचाई योजना का भूमि पूजन वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। भूमि पूजन ग्राम प्रधान पुष्पा देवी ने किया। सरकार द्वारा स्वीकृत इस परियोजना का कुल लाभार्थी परिवार 60 बताए गए हैं और यह लगभग 3.5 हेक्टेयर क्षेत्रफल को सिंचित करेगी। परियोजना की स्वीकृति लागत 20 लाख रूपये है।

ग्राम प्रधान पुष्पा देवी ने कहा कि यह योजना क्षेत्र के किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से लगभग 60 परिवारों को नियमित सिंचाई सुविधा मिलेगी और 3.5 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। इससे किसानों की उपज में वृद्धि होगी और ग्रामीणों की आजीविका सुदृढ़ होगी।

समारोह में ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपप्रधान श्रीमती किरण आर्य, सरपंच चंदन सिंह, देवेंद्र सिंह, चंदन सिंह (चंडीगढ़), दीवान सिंह, राजेंद्र सिंह, उत्तम सिंह, श्याम सिंह, हिमांशु, लाल सिंह और शिवम करायत सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति व ग्रामीणजन मौजूद रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने परियोजना के शीघ्र व गुणवत्तापूर्ण निर्माण की उम्मीद जताई और इसे क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
