
गरमपानी के पास भूस्खलन से हल्द्वानी रोड ठप, भारी बारिश से उत्तराखंड में जनजीवन प्रभावित
रानीखेत/नैनीताल। उत्तराखंड में सोमवार रात से शुरू हुआ भारी बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। लगातार हो रही बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बंद होने का खतरा बढ़ गया है। कई स्थानों पर मलबा आने और सड़कें क्षतिग्रस्त होने से यातायात प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने भी प्रदेश में अगले कुछ समय तक भारी बारिश की संभावना जताई है।

इसी बीच गरमपानी के पास मेंढक पत्थर क्षेत्र में भूस्खलन होने से हल्द्वानी मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। पहाड़ी से मलबा और पत्थर सड़क पर आने के कारण दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। लगातार बारिश के बीच पहाड़ी से मलबा गिरने की आशंका बनी हुई है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। बारिश के कारण मार्ग को सुचारु करने में भी दिक्कतें आ सकती हैं।
जरूरी न हो तो यात्रा से बचें
लगातार बारिश को देखते हुए पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक भूस्खलन, पत्थर गिरने, सड़क धंसने और नालों में तेज पानी आने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में बहुत जरूरी न हो तो फिलहाल पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा टालना ही बेहतर है। जरूरी यात्रा पर निकलने वाले लोग रवाना होने से पहले संबंधित मार्ग की स्थिति की जानकारी लें और बारिश के दौरान संवेदनशील पहाड़ी हिस्सों में वाहन रोककर खड़े होने से बचें। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में दो सितंबर तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। देहरादून और टिहरी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि नैनीताल समेत कई पर्वतीय जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
