
अल्मोड़ा में पुराने मकान की दीवार ढहने से दो नेपाली श्रमिकों की मौत, रात के समय हुआ हादसा। एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर शव निकाले।
अल्मोड़ा, 1 सितंबर। धारकीतूणी क्षेत्र में मंगलवार को पुराने मकान की दीवार अचानक ढहने से दो व्यक्तियों की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब कुछ देर की मशक्कत के बाद मलबे में दबे दोनों शवों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि ये घटना देर रात की है जब मजदूरों के सोते समय ये हादसा हुआ। घटना की जानकारी सुबह मिली है। मृतकों की पहचान नेपाली मूल के व्यक्तियों के रूप में हुई है। पुलिस उनकी शिनाख्त में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11:36 बजे जिला आपदा नियंत्रण कक्ष (डीसीआर) अल्मोड़ा को सूचना मिली कि धारकीतूणी के पास एक पुराने मकान की दीवार गिर गई है। हादसे में दो व्यक्ति दीवार के मलबे में दब गए हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सरियापानी से उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने के बाद एसडीआरएफ जवानों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने सावधानीपूर्वक मलबा हटाकर दोनों व्यक्तियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद एसडीआरएफ ने दोनों शवों को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शवों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों मृतक नेपाली मूल के श्रमिक बताए जा रहे हैं।

