
सोमेश्वर में भूस्खलन से मकान में घुसा मलबा, तड़के हुआ हादसा, तीन लोगों की मौत। करीब तीन घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान।
सोमेश्वर/अल्मोड़ा। सोमेश्वर तहसील क्षेत्र के राजस्व क्षेत्र पातलीबगड़ के ग्राम बड़यूडा में मंगलवार तड़के भू-धंसाव से दर्दनाक हादसा हो गया। राजेंद्र राम पुत्र गुलाब राम के आवासीय भवन के पीछे अचानक भू-धंसाव और भूस्खलन होने से भारी मलबा मकान के अंदर जा घुसा। हादसे में मलबे में दबे तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर करीब तीन घंटे तक सघन रेस्क्यू अभियान चलाया और तीनों शव बरामद किए।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 4:26 बजे डायल-112 के माध्यम से पुलिस को हादसे की सूचना मिली। बताया गया कि बड़यूडा गांव में राजेंद्र राम के आवासीय भवन के पीछे अचानक जमीन धंस गई और भूस्खलन के कारण बड़ी मात्रा में मलबा भवन के भीतर जा पहुंचा। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके ने घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ रानीखेत भावना कैंथोला को तत्काल नजदीकी थाना-चौकियों से पर्याप्त पुलिस बल, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर भेजने के निर्देश दिए।

मौके पर उपजिलाधिकारी अल्मोड़ा, सीओ रानीखेत, तहसीलदार अल्मोड़ा और तहसीलदार सोमेश्वर की मौजूदगी में संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। लगातार मलबा खिसकने के खतरे के बीच पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस के जवानों ने करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत की। मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश की गई। अभियान के दौरान तीन लोगों के शव बरामद हुए। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए बेस चिकित्सालय अल्मोड़ा भेज दिया।

परिजनों से मिले एसएसपी
हादसे की सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके बेस चिकित्सालय अल्मोड़ा पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। प्रशासन की ओर से भी प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

