


भाइयों और चाची ने मिलकर युवक की हत्या कर शव को ठिकाने लगाया। पत्नी पहुंची पुलिस के पास।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के सीमांत वनराजी गांव भक्तिरवा किमखोला में एक युवक की उसके सगे भाई, चाची और दो चचेरे भाइयों ने मिलकर निर्मम हत्या कर दी। आरोपियों ने शव को जंगल में ठिकाने लगा दिया था, लेकिन मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर शव बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, 22 मार्च को कुंदन सिंह (35) पुत्र स्व. बहादुर सिंह रजवार और उनकी चाची बसंती देवी (39) के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर बसंती के बेटे जनक सिंह (25), रमेश सिंह (21) और कुंदन का भाई प्रदीप सिंह (30) पहुंचे। गुस्से में चारों ने लोहे की रॉड व डंडों से कुंदन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।अगले दिन 23 मार्च को शव जंगल में फेंक दिया गया।
मृतक की पत्नी रेखा देवी ने जौलजीबी थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ जिला अस्पताल भेजा।थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि कुंदन अक्सर परिवार से झगड़ता था, इसलिए भाई ने चाची व चचेरे भाइयों का साथ दिया। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। सीओ केएस रावत के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
