
अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय में पहली बार दूरबीन विधि से एपेंडिक्स का सफल ऑपरेशन।
अल्मोड़ा, 22 मई — पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में पहली बार लेप्रोस्कोपिक (दूरबीन) विधि से एपेंडिक्स का सफल ऑपरेशन किया गया। वरिष्ठ जनरल सर्जन डॉ. अमित सुकोटी और उनकी टीम ने यह जटिल प्रक्रिया सफलता से सम्पन्न की। ऑपरेशन से उत्पन्न घाव कम होने एवं शीघ्र स्वस्थ होने की वजह से 22 वर्षीय मरीज शुभम पांडे को केवल एक दिन में डिस्चार्ज कर दिया गया। लगभग तीन महीने तक तीव्र पेट दर्द से पीड़ित शुभम और उनके परिजन चिकित्सकीय टीम के आभारी रहे।

डॉ. अमित सुकोटी को क्षेत्र के कुशल सर्जनों में गिना जाता है। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद निपुणता से यह लेप्रोस्कोपिक सर्जरी कर दिखायी, जिससे अस्पताल प्रशासन व स्थानीय समुदाय में खुशी और गर्व की लहर है। डॉ. सुकोटी रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का भी अनुभव रखते हैं। स्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यदि शासन द्वारा आवश्यक उपकरण, प्रशिक्षित स्टाफ व तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराये गये तो भविष्य में यहां रोबोटिक सर्जरी जैसी सुविधाएं भी शुरू की जा सकती हैं, जिससे कुमाऊँ क्षेत्र के मरीजों को महानगरों की यात्रा से मुक्ति मिलेगी।

डॉ. सुकोटी ने बताया कि जल्द ही जिला चिकित्सालय में हर्निया के रोगियों के लिये IPOM विधि से लेप्रोस्कोपिक उपचार भी शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से मरीजों को कम दर्द, कम रक्तस्राव और तेज़ रिकवरी जैसी सुविधाएं मिलती हैं।
लेप्रोस्कोपिक सर्जरी सुविधा की स्थापना में सामाजिक कार्यकर्ता संजय पांडे की सक्रिय भूमिका रही। संजय ने अस्पताल में लेप्रोस्कोपिक मशीन तथा जनरल एनेस्थीसिया उपकरण उपलब्ध करवाने के लिये शासन और स्वास्थ्य विभाग के समक्ष लंबित समय से आवाज उठायी, कई बार विभागीय पत्राचार किये और सूचना के अधिकार (RTI) का उपयोग भी किया। उनके निरंतर प्रयास व चिकित्सा टीम की प्रतिबद्धता के कारण अस्पताल में आधुनिक सर्जिकल सुविधाओं का विस्तार संभव हुआ है।
सामाजिक कार्यकर्ता संजय पांडे ने इस अवसर पर कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि अल्मोड़ा में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें और रोगियों को इलाज के लिये बाहर न जाना पड़े। उन्होंने सभी डॉक्टरों और अधिकारियों का हृदय से आभार प्रकट किया और जनहित के लिये अपनी कोशिशें जारी रखने का आश्वासन दिया।

