
उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय में पेपर लीक, दो परीक्षाएं रद्द, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।
उत्तराखंड की वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में पेपर लीक का बड़ा मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय ने सम सेमेस्टर 2025-26 की दो विषयों की परीक्षाएं तत्काल प्रभाव से निरस्त (Cancel) कर दी हैं। दोनों विषयों की पुनः परीक्षा (Re-Examination) अगस्त 2026 के तीसरे सप्ताह में आयोजित की जाएगी। वही दून पुलिस ने उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (UTU) की सेमेस्टर परीक्षा में कथित पेपर लीक के मामले में शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोप है कि गुप्ता ने परीक्षा से पहले छात्रों के WhatsApp ग्रुप और कॉलेज के आंतरिक पोर्टल पर ऐसे प्रश्न साझा किए जो 8 जुलाई को हुई परीक्षा के प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते पाए गए। मामला विश्वविद्यालय को परीक्षा के बाद मिले एक ई-मेल से सामने आया था। जांच में यह भी साबित हुआ कि आरोपित ने प्रश्न साझा किए थे, जिसके बाद कॉलेज ने उन्हें बर्खास्त कर विश्वविद्यालय ने पुलिस शिकायत दी।
प्रेमनगर कोतवाली में विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की तहरीर पर भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता चल सके प्रश्न किस स्रोत से छात्रों तक पहुँचे और कहीं कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं जुड़ा हुआ। दून पुलिस ने कहा है कि डिजिटल साक्ष्यों के मिलते ही अन्य लोगों की संलिप्तता मिलने पर और गिरफ्तारियाँ हो सकती हैं।
