
हरीश रावत ने रानीखेत पहुंच कर शेख सलीम अहमद और त्रिभुवन शर्मा के पुत्र के निधन पर जताया शोक।
उत्तराखडं के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने रानीखेत पहुंच कर वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता शेख सलीम अहमद के निधन पर उनके घर पहुंच शोक व्यक्त किया साथ ही हरीश रावत पूर्व एमएलसी स्वर्गीय बी०डी० शर्मा के प्रपौत्र एवं त्रिभुवन शर्मा के सुपुत्र कार्तिकेय शर्मा को श्रद्धांजलि देने भी उनके घर पहुंचे।

हम आपको बता दें कि वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता और व्यापारी शेख सलीम अहमद का विगत 3 अप्रैल की सांय लंबी बीमारी के लगभग 65 वर्ष की आयु में निधन हो गया था, उनका लम्बे समय से इलाज चल रहा था। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने स्व. शेख सलीम अहमद के परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना प्रदान की। रावत ने कहा कि शेख सलीम अहमद कांग्रेस परिवार के एक समर्पित, परिश्रमी और सम्मानित वरिष्ठ सदस्य थे। उनके निधन से कांग्रेस संगठन ही नहीं, बल्कि समूचे क्षेत्र को अपूरणीय क्षति पहुंची है।

वही त्रिभुवन शर्मा के पुत्र कार्तिकेय शर्मा (22) का विगत 20 अप्रैल को कर्नाटक में एक कार दुर्घटना में निधन हो गया था। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मंगलवार को उनके आवास पर पहुंच कर पिता त्रिभुवन शर्मा व परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों को इस हृदयविदारक आघात से उबरने के लिए सांत्वना दी। उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिवार ही नहीं अपितु हम सबके लिए अपूरणीय क्षति है। कहा कि इतनी कम उम्र में एक उज्ज्वल भविष्य का यूं अचानक समाप्त हो जाना अत्यंत पीड़ादायक और असहनीय है।


